Uncategorized

अवैध अप्रवासियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान प्रारंभ, जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था होगी और सशक्त

एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने अपने शासकीय वाहन पर स्वयं लगाया जनजागरूकता स्टीकर,एसपी कार्यालय में लगाए गए जागरूकता पोस्टर एवं पाम्पलेट

जिले के सभी थाना-चौकियों एवं शासकीय पुलिस वाहनों में लगाए जाएंगे जागरूकता स्टीकर, टोल फ्री नंबर 1800- 233-1905 पर सूचना देने की अपील

धमतरी जिले में आंतरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध अप्रवासियों, किरायेदारों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में समय पर सूचना प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है।
अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने अपने वाहन में टोल फ्री नंबर स्टीकर लगाकर शुरुआत की ,उसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय,उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी एवं डीएसपी सुश्री मीना साहू ने भी अपने-अपने शासकीय वाहनों पर अवैध अप्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने संबंधी स्टीकर लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य पुलिस के प्रत्येक वाहन के माध्यम से आमजन तक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाना तथा नागरिकों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ना है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धमतरी में किरायेदार सत्यापन, बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध अप्रवासियों की सूचना देने संबंधी जागरूकता पाम्पलेट एवं पोस्टर प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं, ताकि कार्यालय आने वाले नागरिक, मकान मालिक, होटल-लॉज एवं धर्मशाला संचालक, उद्योग एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक आवश्यक जानकारी प्राप्त कर पुलिस का सहयोग कर सकें।
अभियान को जिलेभर में प्रभावी बनाने के लिए इन जागरूकता स्टीकरों एवं पाम्पलेटों को जिले के सभी थाना एवं चौकी कार्यालयों में भेजा जा रहा है। साथ ही सभी शासकीय पुलिस वाहनों पर भी इन्हें लगाया जाएगा, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में आमजन तक सुरक्षा एवं सतर्कता का संदेश निरंतर पहुंच सके।धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी किरायेदार को मकान देने से पूर्व उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। होटल, लॉज, धर्मशाला एवं अन्य संस्थानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें। यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध अप्रवासी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल-112 अथवा निकटतम थाना/चौकी को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि जिले की सुरक्षा हेतु पुलिस के साथ ही प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी सहभागिता आवश्यक है। जनसहयोग से ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं कानून-व्यवस्था युक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
धमतरी पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि “सतर्क नागरिक – सुरक्षित धमतरी” अभियान में सहभागी बनें, पुलिस सत्यापन को प्राथमिकता दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध अप्रवासी की सूचना तत्काल पुलिस को देकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!