Uncategorized

भखारा में प्लास्टिक मुक्त अभियान को मिला जनसमर्थन, निकली विशाल जागरूकता रैली

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नगर पंचायत की पहल, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

भखारा- स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नगर पंचायत भखारा द्वारा शुक्रवार को शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशाल स्वच्छता एवं जन-जागरूकता रैली निकाली गई। नगर पंचायत कार्यालय से शुरू हुई यह रैली पुराना बाजार चौक तक पहुंची, जहां लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा कपड़े के थैले, कागज के लिफाफे और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
अभियान में एल्डरमैन किशोर गौर, नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर, वार्ड पार्षद भूपेंद्र यादव, समाजसेवी मेघू साहू, रामकृष्ण नेताम, इंजीनियर ज्योति साहू, चंद्रशेखर साहू सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।
शासन के निर्देशानुसार नगर में विशेष निरीक्षण अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। नगर पंचायत द्वारा पूर्व में भी सभी व्यापारियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की गई थी, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला। लोगों ने भी अभियान का समर्थन करते हुए स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त भखारा बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पवारिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करे, घर से निकलते समय कपड़े का थैला साथ रखे और नगर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर भखारा का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़े।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!