Uncategorized

सिर्फ निर्माण नहीं, प्रकृति के साथ विकास की नई सोच को आगे बढ़ा रहे हैं अरुण सार्वा

हर गांव हरा-भरा और विकसित हो- अरुण सार्वा

हरियाली, जल संरक्षण और विकास की जमीनी हकीकत जानने कुरूद विकासखंड के विभिन्न गांव पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा

धमतरी. जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने विकासखंड कुरुद के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर वृक्षारोपण, ग्रामीण अधोसंरचना, अमृत सरोवर, नर्सरी, प्रशिक्षण केंद्रों एवं खेल मैदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों को निरंतर जनहित में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। दौरे के दौरान ग्राम नवागांव में सरपंच एवं सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू द्वारा मुख्य मार्ग से ग्राम पहुंच मार्ग तक लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में किए गए व्यापक वृक्षारोपण कार्य को देखा। यहां लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया है, जिनमें नीम, कदम, बादाम, लक्ष्मी तरु सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। गांव के तालाब किनारे सुंदर हरित क्षेत्र विकसित कर बैठने की आकर्षक व्यवस्था भी की गई है। वहीं शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में विकसित सुंदर गार्डन एवं हरियाली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात ग्राम गोजी में सरपंच जयमित्र साहू एवं पंचगणों द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया गया। यहां गांव में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से गांव के दोनों ओर सड़क किनारे किए गए व्यापक वृक्षारोपण को देखकर अध्यक्ष ने इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया। ग्राम नारी में जिला पंचायत अध्यक्ष ने माटीकला प्रशिक्षण केंद्र एवं बुनकर प्रोडक्शन केंद्र का निरीक्षण कर स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं सिरसिदा में वृक्षारोपण कार्य एवं शासकीय उद्यान रोपणी गाड़ाडीह का निरीक्षण कर नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्राम मंदरौद स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम का निरीक्षण किया, जिसका निर्माण जनभागीदारी से युवा पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमी मोहन साहू के नेतृत्व में कराया गया है। इस अवसर पर मोहन साहू ने जिला पंचायत अध्यक्ष को पक्षी संरक्षण हेतु तैयार किए गए कृत्रिम आशियाना (नेस्ट) भेंट किए। उन्होंने गौरैया सहित अन्य पक्षियों के संरक्षण एवं उनके लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे नवाचारों की विस्तृत जानकारी भी दी। पक्षी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए जा रहे इन सराहनीय प्रयासों की जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। इसके साथ ही ग्राम कन्हारपुरी में निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गोकरण साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली, जल संरक्षण, स्वरोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास आने वाले समय में गांवों को आत्मनिर्भर एवं आदर्श ग्राम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!