धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर:संदिग्ध गतिविधियों एवं बाहरी व्यक्तियों की निगरानी के लिए सभी अधिकारियों को किया गया अलर्ट
किराएदार, कर्मचारी एवं होटल-लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के दिए स्पष्ट निर्देश
डिजिटल इन्वेस्टिगेशन को मिलेगा नया आयाम, विवेचना अधिकारियों को मोबाइल टैब वितरित कर तकनीक आधारित पुलिसिंग को किया और सशक्त

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में पुलिस कार्यालय धमतरी में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं साइबर सेल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में निवास करने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति, संदिग्ध प्रवासी, किराएदार एवं अस्थायी रूप से निवासरत व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थाना स्तर पर अद्यतन रखी जाए तथा उनका पुलिस सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने निर्देशित किया कि जिले के सभी मकान मालिक किराए पर मकान देने से पूर्व संबंधित किराएदार का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिले के सभी निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों, राइस मिलों, फैक्ट्रियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संस्थानों में नियुक्त प्रत्येक नए कर्मचारी का पुलिस सत्यापन कराया जाए तथा उनके पहचान संबंधी अभिलेख व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखे जाएं। सभी प्रतिष्ठानों में आगंतुकों एवं कर्मचारियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए गए। जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने निर्देश दिए।
तकनीक आधारित विवेचना को मिलेगा बल
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों को मोबाइल टैब वितरण हेतु सभी राजपत्रित अधिकारियों को प्रदान किए गए. इन टैबलेट्स के माध्यम से डिजिटल विवेचना, घटनास्थल पर त्वरित दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन डाटा संकलन, सीसीटीएनएस के बेहतर उपयोग तथा आधुनिक तकनीक आधारित अनुसंधान कार्यों को और अधिक गति एवं पारदर्शिता मिलेगी। अधिकारियों को इन उपकरणों का प्रभावी एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

