Uncategorized

नपं अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने नगर की कानून व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से एसपी को कराया अवगत

एसपी भावना पांडेय से मिले नगरी नपं अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि

नगरी। धमतरी जिले की नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के प्रथम नगरी प्रवास के दौरान नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधियों ने उनसे सौजन्य मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्वनी निषाद, यश करण पटेल, अंबिका ध्रुव एवं राजा पवार उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने एसपी को नवीन दायित्व की शुभकामनाएं देते हुए नगर की कानून व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने नगरी की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि बजरंग चौक एवं बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में दो ट्रैफिक जवानों की नियमित तैनाती होने से तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। साथ ही विद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय पुलिस की नियमित गश्त एवं पीसीआर वाहन संचालित किए जाने का आग्रह किया, ताकि छात्र-छात्राओं, विशेषकर बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।जनप्रतिनिधियों ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी। इसके अलावा नगर में बाहर से आकर निवास करने वाले लोगों का सत्यापन एवं मुसाफिर पंजी का नियमित संधारण कराने का भी आग्रह किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सभी सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए नगरी के एसडीओपी को निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस की प्राथमिकता बेहतर कानून व्यवस्था, प्रभावी यातायात प्रबंधन, महिलाओं एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा तथा आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय एवं जनसहयोग से नगरी में बेहतर पुलिसिंग, शांतिपूर्ण वातावरण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!