कौशल ही भविष्य की पहचान है –हरख जैन
आईटीआई में प्रवेश उत्सव आयोजित,नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता पर दिया गया विशेष जोर

भखारा। स्थानीय शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में नव कौशल पथ–नई राह, नया हुनर विषय पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि हरख जैन थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, हितेंद्र साहू एवं छबिलाल निर्मलकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्यम कर्ता पीयूष साहू एवं रोशन केला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य होमेंद्र साहू ने की।मुख्य अतिथि हरख जैन युवा स्टूडेंट को मोटिवेट करते हुए कहा कि नव कौशल पथ–नई राह, नया हुनर केवल एक विषय नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज का युग कौशल का युग है और जो युवा अपने हाथों में हुनर तथा मन में आत्मविश्वास लेकर आगे बढ़ते हैं, सफलता उनके कदम चूमती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं संस्थान का नाम रोशन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य होमेंद्र साहू ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान में संचालित विभिन्न ट्रेडों, प्रशिक्षण व्यवस्था, प्लेसमेंट, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित उपस्थिति और व्यावहारिक प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने कहा कि आईटीआई युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की।विशिष्ट अतिथि पार्षद हितेंद्र साहू ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जो विद्यार्थी निरंतर सीखते हैं, समय का सम्मान करते हैं और अपने कौशल को निखारते हैं, वही जीवन में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।विशिष्ट अतिथि पार्षद छबिलाल निर्मलकर ने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लेने तथा अपने कौशल के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र से रोशन केला संचालक राइस मिल एवं पीयूष साहू संचालक,डीज़ल मेकेनिक मोटर्स ने सहभागिता करते हुए प्रशिक्षार्थियों को नई तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं एवं अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।संस्था प्रमुख होमेन्द्र साहू ने संस्था में संचालित विभिन्न व्यवसायों (ट्रेड), प्रशिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक पद्धति, अनुशासन तथा प्रशिक्षण उपरांत उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को संस्था की गतिविधियों से अवगत कराया।कार्यक्रम के अंत में कविन्द्र साहू (प्रशिक्षण अधिकारी) ने सभी अतिथियों, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित प्रशिक्षार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित प्रशिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सफल भविष्य की ओर प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ प्रवेश उत्सव संपन्न हुआ।