Uncategorized

एसपी के निर्देशन में कुरूद पुलिस ने 500 विद्यार्थियों को दी कानून, साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति की जानकारी

सरस्वती शिशु मंदिर कुरूद में पुलिस ने चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान

साइबर ठगी से सतर्कता, यातायात नियमों का पालन और नशे से दूरी: विद्यार्थियों को डायल-112, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपराधों से बचाव, कानून की जानकारी तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, कुरूद में कक्षा 8वीं से 12वीं तक अध्ययनरत लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण की उपस्थिति में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा।
डायल-112 की उपयोगिता एवं आपातकालीन सहायता की दी जानकारी
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को डायल-112 की उपयोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति, दुर्घटना, अपराध अथवा तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर डायल-112 के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया। फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, फर्जी प्रोफाइल तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि ओटीपी , पिन , पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार के अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर उसे छिपाने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि अपराध के प्रति चुप्पी नहीं, बल्कि जागरूकता और समय पर सूचना देना ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।

यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प

विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खतरों के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं और अपने पालकों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।

नशे से दूर रहने का दिया संदेश

पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं पूरे समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को “नशे से दूरी, जीवन में मजबूती” का संदेश देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

कानून की जानकारी को बताया सुरक्षा की पहली सीढ़ी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होने से व्यक्ति न केवल स्वयं को अपराधों से बचा सकता है, बल्कि दूसरों को भी जागरूक कर सकता है।
पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, अफवाहों पर विश्वास न करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें तथा अपने परिवार एवं समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंचाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!