जिपं की सामान्य सभा संपन्न : विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
जनप्रतिनिधियों ने दिए जनहित में प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

धमतरी। जिला पंचायत धमतरी की सामान्य सभा का सम्मिलन शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, विधायक धमतरी ओंकार साहू, विधायक सिहावा श्रीमती अंबिका मरकाम, जिला पंचायत सदस्य टीकाराम कंवर, अजय ध्रुव, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती कविता बाबर, श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़, श्रीमती मीना साहू, श्रीमती गरिमा धनुष नेताम, श्रीमती अनीता ध्रुव, जनपद पंचायत कुरुद की अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू, जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेन्द्र साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, जिला लेखाधिकारी चंदन टंडन, उपसंचालक पंचायत नकुल प्रसाद वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ पिछली सामान्य सभा की कार्यवाही एवं पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुआ। इसके पश्चात एजेंडा के अनुसार विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध प्रगति और आम नागरिकों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों तक शासन की योजनाओं का व्यापक लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया। निर्देशित किया गया कि नहरों, एनीकट, लघु सिंचाई योजनाओं एवं जल संरक्षण संबंधी कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए। वन संरक्षण, वृक्षारोपण, सामुदायिक सहभागिता एवं वनाधिकार से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर बदलने, विद्युत विस्तार एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण करने विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्युत बाधित क्षेत्रों में शीघ्र सुधार कार्य कर आम नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। दूरस्थ क्षेत्रों में सौर ऊर्जा उपकरणों का बेहतर रखरखाव किये जावें तथा खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने कहा गया। आईटीआई आजीविका आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोडऩे पर बल दिया गया साथ ही उद्योगों की आवश्यकता के अनुरुप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। जिला पंचायत के 15वें वित्त आयोग अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किए जाएं। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता गतिविधियों में ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी रुप से संचालित किया जाए। वीबी – जी राम जी के तहत लिए गये सभी स्वीकृत गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाई जाए तथा योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों तक लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
