स्वतंत्रता दिवस पर महापौर रामू रोहरा ने दी शहरवासियों को बधाई, राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सहभागी बनने का किया आह्वान

धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने जिले एवं शहरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों और देशभक्तों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया। महापौर रामू रोहरा ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज हम सभी का दायित्व है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ भी विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। धमतरी शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। महापौर ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े और अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।