जर्जर सड़कों, जल निकासी और सफाई व्यवस्था की समस्याओं को लेकर आधारी नवागांव वार्डवासी निगम कार्यालय के सामने बैठे भूख हड़ताल पर
वार्डवासियों के आंदोलन को विपक्षी पार्षदों का भी मिला समर्थन
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर रहेंगे दो दिवसीय भूख हड़ताल पर

धमतरी । अधारी नवागांव क्षेत्र में जर्जर सड़कों, जल निकासी और सफाई व्यवस्था की समस्याओं को लेकर वार्डवासी आज से नगर निगम कार्यालय के सामने दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए है। वार्डवासियों के आंदोलन को विपक्षी पार्षदों का भी समर्थन मिला। पूर्व एमआईसी मेम्बर राजेश पाण्डेय, निगम उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद योगेश लाल सहित कांग्रेसियों का समर्थन मिला।
आंदोलनकारी संजू साहू, साहिल अहमद, रियाज अहमद, सनी खान सहित वार्डवासियों द्वारा 17 एवं 18 अगस्त को नगर निगम कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठे है। वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़कें जर्जर हैं, जिसके कारण बारिश के दिनों में आवागमन में परेशानी बढ़ जाती है। कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में जमा हो जाता है। इसके अलावा नियमित एवं समुचित सफाई व्यवस्था की कमी के कारण भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों में जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार निर्माण, जल निकासी की उचित व्यवस्था तथा नियमित एवं समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी है। उनका कहना है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व में भी ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने बताया कि 17 और 18 अगस्त को नगर निगम कार्यालय के सामने दो दिवसीय भूख हड़ताल कर अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। आंदोलन में दौरान संतोष, हेमंत, झामन, राजकुमार, लोमस, शब्बीर, शंभू यादव, सतीश, देवनारायण, सहित अन्य वार्डवासी शामिल रहे।


