नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है – अरुण सार्वा
नशामुक्ति और पोषण का संदेश लेकर युवाओं ने लिया स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन का संकल्प
केंद्रीय संचार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की दी जानकारी

धमतरी । युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज स्वर्गीय छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत, संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सार्वा ने कहा कि युवा अवस्था जीवन की दिशा और भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण पड़ाव है। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, खेल, नवाचार तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढिय़ों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा किरण चंद्राकर ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्य और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।


