साढ़े चार करोड़ के प्लेसमेंट एजेंसी कार्यादेश पर कांग्रेस का सवाल:कांग्रेस पार्षदों ने निगम अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

सामान्य सभा की मंजूरी के बिना कार्यादेश जारी करने का आरोप, जांच की मांग
धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी में प्लेसमेंट एजेंसी के लिए वर्ष 2026-27 के लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये के कार्यादेश को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन पार्षद योगेश लाल पूर्णिमा रजक आदि ने निगम अध्यक्ष (स्पीकर) को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि नियमों के विपरीत सामान्य सभा की मंजूरी के बिना कार्यादेश जारी किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्लेसमेंट एजेंसी के लिए वर्ष 2026-27 की निविदा का कुल बजट लगभग 4.5 करोड़ रुपये है। कांग्रेस का आरोप है कि इतनी बड़ी राशि से जुड़े कार्यों को नियमानुसार सामान्य सभा की बैठक में प्रस्तुत कर आम सहमति से स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्यादेश जारी किया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा किए बिना ही कार्यादेश जारी कर दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि यदि सामान्य सभा की स्वीकृति के बिना इतनी बड़ी राशि का कार्यादेश जारी किया गया है, तो यह निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत है और इससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में निगम प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।

