मेहनत, नवाचार और टीम भावना से कृषि महाविद्यालय ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
कुरूद कृषि महाविद्यालय को आईसीएआर से ए ग्रेड, पांच वर्ष के लिए मिला प्रत्यायन
विधायक श्री चंद्राकर ने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं वैज्ञानिकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की

धमतरी। कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था के क्षेत्र में धमतरी जिले को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा उसके अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों को पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रत्यायन प्रदान किया है। इनमें कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद भी शामिल है। आईसीएआर द्वारा प्रदान किए गए 3.15 स्कोर के साथ ए ग्रेड कृषि शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है। आईसीएआर की अधिसूचना के अनुसार यह प्रत्यायन 29 मार्च 2024 से 28 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगा। राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की 43वीं बैठक में 24 अगस्त 2026 को लिए गए निर्णय के आधार पर यह मान्यता प्रदान की गई है। प्रत्यायन के दायरे में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के साथ कृषि महाविद्यालय रायपुर तथा कुरूद सहित अन्य संबंधित संस्थानों के स्वीकृत शैक्षणिक कार्यक्रम शामिल हैं।
विधायक अजय चंद्राकर ने दी बधाई, कलेक्टर ने जताई प्रसन्नता
कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद को आईसीएआर द्वारा ए ग्रेड प्रदान किए जाने पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी इस उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय, कुरूद के समस्त प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।