Uncategorized

476 ऋण प्रकरणों में लगभग 32 करोड़ रुपये की ऋण सहायता स्वीकृत एवं वितरित, किसानों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को मिला लाभ

भखारा में बैंक ऑफ बड़ौदा का मेगा क्रेडिट कैंप

आगामी दिनों में धमतरी में वृहद लोन मेला का भी होगा आयोजन: कलेक्टर श्री मिश्रा

धमतरी- जिले के भखारा में बैंक ऑफ बड़ौदा, धमतरी क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा बुधवार को खरीफ समृद्धि अभियान 2.0 के अंतर्गत मेगा क्रेडिट कैंप एवं कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, महिला हितग्राहियों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), कृषि उद्यमियों तथा खाद्य एवं कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत वित्तीय पहुंच को मजबूत करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराना तथा कृषि, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, जनपद पंचायत कुरुद की अध्यक्ष श्रीमती गितेश्वरी साहू, बैंक ऑफ बड़ौदा रायपुर अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख दिवाकर पी. सिंह, धमतरी क्षेत्र के सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री बानाम्बर बेहेरा, नाबार्ड के डीडीएम दिलीप दमानी तथा केवीके संभलपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री प्रेम लाल साहू सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मेगा क्रेडिट कैंप में 476 ऋण प्रकरणों में लगभग 32 करोड़ रुपये की ऋण सहायता स्वीकृत एवं वितरित की गई। इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा नारी शक्ति योजना के 34 प्रकरणों में 84 लाख रुपये, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के 211 प्रकरणों में 6 करोड़ रुपये, स्वयं सहायता समूहों के 155 प्रकरणों में 5 करोड़ रुपये तथा ट्रैक्टर, हार्वेस्टर सहित कृषि टर्म लोन के 69 प्रकरणों में 5 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा फूड एवं एग्रो प्रोसेसिंग से संबंधित 7 प्रकरणों में 16 करोड़ रुपये की ऋण सहायता का उल्लेख किया गया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को मौके पर स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे क्रेडिट कैंप वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के साथ किसानों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों के लिए आर्थिक अवसरों का विस्तार करते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से ऋण राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उत्पादक गतिविधियों में करते हुए अपनी आय एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए मत्स्यपालन, केसीसी, स्वयं सहायता समूह तथा उद्यमिता गतिविधियों में उपलब्ध वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को सहज और पर्याप्त ऋण सुविधा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आय के नए अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने हितग्राहियों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और वित्तीय अनुशासन के साथ अपने उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से साइबर जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई धोखाधड़ी, फिशिंग, क्यूआर कोड स्कैम, डीपफेक एवं वॉयस क्लोनिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल, संदेश और लिंक से सतर्क रहने की अपील की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जिले में आगामी दिनों में वृहद लोन मेला आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 15 सितंबर को जिंजर लीफ में लोन मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने पात्र नागरिकों एवं उद्यमियों से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा की धमतरी क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!