सिंध गरबा नाइट को होगा भव्य आयोजन, 70 वर्ष तक की महिलाएं करेंगी गरबा
आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, सौंपी गई जिम्मेदारी

धमतरी। सिंधी समाज की बहुप्रतीक्षित सिंध गरबा नाइट के आयोजन की तैयारियों को लेकर सिंध शक्ति महिला संगठन के सदस्यों एवं पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष चंदू जसवानी सहित उनकी टीम की बैठक आमापारा स्थित सिंधु भवन में हुई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई और तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। सिंध गरबा नाइट की खासियत यह है कि इसमें सिंधी समाज के लोग ही हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष 45 से 70 वर्ष तक की महिलाएं भी गरबा प्रशिक्षण लेकर प्रतियोगिता में भाग लेंगी। आयोजन से पहले सिंधु भवन आमापारा में पांच दिवसीय गरबा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण 5 से 9 तारीख तक शाम 6 से रात 9 बजे तक चलेगा। इसके बाद 12 से 18 अक्टूबर तक सिंघा ग्राउंड में गरबा की धूम रहेगी। आयोजन में 10 से 15 वर्ष के बच्चे बच्चियां भी हिस्सा ले सकेंगे। महिलाओं के लिए अलग अलग वर्ग बनाए गए हैं, जिसमें विवाहित महिलाओं के साथ 45 से 70 वर्ष तक की महिलाओं के लिए भी अलग वर्ग रहेगा। प्रत्येक वर्ग से चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिदिन आकर्षक उपहार, बंपर प्राइज और अन्य पुरस्कार भी रखे गए हैं। इस वर्ष पांच प्रतिभागियों को नगद बंपर पुरस्कार दिए जाएंगे। सात दिनों तक उत्कृष्ट गरबा प्रस्तुत करने वाली प्रतिभागी का चयन गरबा क्वीन के रूप में किया जाएगा। आयोजन के अंतिम दिन गुजराती परिधान में विशेष प्रतियोगिता होगी। इसमें चयनित गुजराती क्वीन को भी नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अंतिम दिन कोई भी प्रतिभागी खाली हाथ नहीं लौटेगा। आयोजन की एक और विशेषता यह है कि मंच पर निर्णायकों के अलावा समाज के कुछ सदस्य भी प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे। यदि किसी प्रतिभागी का नंबर नहीं आता है, लेकिन उसका प्रदर्शन पुरस्कार के योग्य लगता है, तो समाज द्वारा ऐसे प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा। सिंध गरबा नाइट पिछले करीब 15 वर्षों से समाज के सहयोग से आयोजित होती आ रही है। बैठक में पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष चंदू जसवानी, रोमी सावलानी, सुनील रेवलानी, बंटी वाधवानी, अशोक डुम्बानी, नरेश शामनानी, रामचंद्र वाधवानी, अशोक वाधवानी, संजू गंगवानी, अशोक बुधवानी, अमर पिंजनी सहित सिंधु शक्ति महिला संगठन की अध्यक्ष पार्वती वाधवानी, सचिव साक्षी वाधवानी, महासंरक्षक प्रिया पंजवानी, रोमा राहूजा, शारदा चावला, मोना वाधवानी, सरल डोडवानी, दिशा कामरानी आदि उपस्थित रहे।