छठठी कार्यक्रम में बवाल:युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार
अश्लील फब्तियां कसने से रोकना पड़ा भारी, युवक पर सर्जिकल ब्लेड से हमला

6 सितम्बर को प्रार्थी पप्पू साहू, निवासी खमतराई, रायपुर, अपने परिवार के साथ ग्राम चन्द्रसुर में अपने भांजा-दामाद मुरली साहू के घर आयोजित छठठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
इसी दौरान शाम करीब 07:30 बजे घर के पास गली में आरोपी डोमेश्वर साहू, पिता गोवर्धन साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी परसदा (भाठापारा, वार्ड नं. 11), थाना राजिम, जिला गरियाबंद द्वारा प्रार्थी की भांजी पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणी किए जाने का प्रार्थी द्वारा विरोध किया गया।
विरोध करने पर आरोपी द्वारा प्रार्थी से गाली-गलौज की गई तथा जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर प्रार्थी की पीठ पर बाएं कंधे के नीचे वार कर घायल कर दिया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 165/2026 पंजीबद्ध कर धारा 296, 115(2), 118(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत विवेचना में लिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी डोमेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड को ग्राम चन्द्रसुर स्थित स्वागत गेट के पास छिपाकर रखना बताया गया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसकी निशांदेही पर घटना में प्रयुक्त 1 नग धारदार सर्जिकल (ऑपरेशन) ब्लेड मय प्लास्टिक कवर को गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

