हथियार दिखाकर लूट करने वाले गिरोह पर रुद्री पुलिस का शिकंजा: 2 बालिग आरोपी गिरफ्तार, 2 विधि से संघर्षरत बालक संरक्षण में
मानव वन मोड़ पर लूट की वारदात का खुलासा - लूटी गई नकदी, मोबाइल, चाकू व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद

रुद्री पुलिस ने हथियार दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मामले में संलिप्त 4 आरोपियों को अभिरक्षा में लेने में सफलता प्राप्त की है। इनमें 2 बालिग आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है।
रास्ता रोककर हथियार दिखाया, जान से मारने की धमकी देकर की लूट
प्रार्थी ढालसिंग नेताम,27 वर्ष, निवासी ग्राम खिरकीटोला, धमतरी ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 सितम्बर को शाम लगभग 6:45 बजे मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास दो मोटरसाइकलों में सवार अज्ञात व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उसकी जेब में रखे 6,000 रूपये नगद एवं वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, कुल जुमला कीमत लगभग 16,000 रूपये, लूटकर फरार हो गए।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रुद्री में धारा 309(6), 351(2) बी एन एस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
संदेही व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई। इसके पश्चात कार्यपालिक दंडाधिकारी (तहसीलदार) के समक्ष विधिवत शिनाख्तगी की कार्यवाही कराई गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं स्कूटी को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया है।
घटना में हथियार के प्रयोग एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 310(2), 311 बी एन एस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार बालिग आरोपियो मे निशांत उर्फ दीपू ध्रुव, पिता राजकुमार ध्रुव 23 वर्ष, दानीटोला धमतरी,भरत यादव, पिता राधेश्याम यादव, 22 वर्ष, निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, धमतरी निवासी है.
प्रकरण में संलिप्त 02 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने हेतु आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई है।
