संबलपुर के पास दर्दनाक सड़क हादसा: वेंटिलेटर एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई,
महारानी अस्पताल जगदलपुर की नर्स की मौके पर मौत

मृत मरीज को रायपुर से वापस जगदलपुर ला रही थी एंबुलेंस
धमतरी । रायपुर से जगदलपुर लौट रही वेंटिलेटर एंबुलेंस आज संबलपुर के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस में सवार महारानी अस्पताल जगदलपुर की स्टाफ नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एंबुलेंस में मौजूद मृत मरीज के परिवार के तीन सदस्यों को भी चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार महारानी अस्पताल जगदलपुर से एक मरीज को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के एसएमसी अस्पताल रेफर किया गया था। मरीज को वेंटिलेटर सुविधा वाली एंबुलेंस से रायपुर ले जाया गया। रायपुर पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने मरीज की जांच की, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मरीज के शव को परिजनों के साथ एंबुलेंस से वापस जगदलपुर लाया जा रहा था।
इसी दौरान संबलपुर के पास एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस में मौजूद महारानी अस्पताल की स्टाफ नर्स को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही 108 वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा समिति के खिलावन साहू सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। नर्स के शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक को रास्ते में झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार चालक ने इससे पहले भी रास्ते में वाहन रोककर कुछ देर आराम किया था। इसके बावजूद वापस सफर के दौरान दुर्घटना हो गई। हादसे में मृत मरीज के परिवार के तीन लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की बात कही जा रही है।
