Uncategorized

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन समिति की बैठक सम्पन्न:

पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास पर विशेष फोकस

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पर्यटन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा, तथा पर्यटन को आर्थिक गतिविधि के रूप में सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक, विरासत एवं वैलनेस पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। इन स्थलों को सुनियोजित रूप से विकसित कर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि देश-प्रदेश से अधिक संख्या में पर्यटक जिले की ओर आकर्षित हों। उन्होंने पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार और आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने पर्यटन स्थलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु डिजिटल मीडिया, पर्यटन पोर्टल एवं विभागीय समन्वय से व्यापक रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थलों तक पहुंच मार्ग, पार्किंग, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, बचाव एवं सुरक्षा प्रबंध तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

गंगरेल बांध के विकास पर विशेष चर्चा:

कलेक्टर श्री मिश्रा ने गंगरेल बांध को जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बताते हुए कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए सभी मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने गंगरेल बांध से माता अंगार मोती मंदिर तक बांध किनारे पाथवे निर्माण के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं एवं सैलानियों को सुरक्षित और सुगम पैदल मार्ग उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही गंगरेल बांध परिसर में निर्माणाधीन चौपाटी की दुकानों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर संचालन प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, जिससे स्थानीय स्व-रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

रुद्री–रुद्रेश्वर क्षेत्र के विकास कार्य

रुद्री स्थित रुद्रेश्वर मंदिर के विकास कार्यों के बारे में कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र के लिए विस्तृत विकास कार्य योजना तैयार की गई है। रुद्री से रुद्रेश्वर मंदिर तक पुल निर्माण तथा बैराज किनारे से अछोटा तक सड़क मार्ग को जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

नरहरा जलप्रपात में सुरक्षा उपायों के निर्देश

नरहरा जलप्रपात में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कलेक्टर ने झरने के समीप सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव किया जा सके। साथ ही नरहरा स्थित मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पार्क क्षेत्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।

अंगार मोती माता मंदिर में सुविधाओं की समीक्षा

अंगार मोती माता मंदिर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मंदिर परिसर में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।बैठक में डीएफओ कृष्ण जाधव, डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव सहित विभिन्न मंदिरों के ट्रस्टीगण, पर्यटन केंद्रों के प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!