Uncategorized

वीबीजी-राम जी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर, ग्रामीण विकास को नई गति देने जुटे जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा

लगातार क्षेत्र के दौरे पर रहते है श्री सार्वा, ग्रामीण क्षेत्रो में जाकर योजनाओं की क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत से होते है रुबरु


धमतरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और प्रभावी बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ लोगों की आजीविका, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है।
अरुण सार्वा ने कहा कि वीबीजी-राम जी योजनाओं सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य गांवों के जरूरतमंद परिवारों को रोजगार एवं विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से हो और वास्तविक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिले, इसके लिए मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी और समीक्षा जरूरी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, आवास, स्वच्छता, तालाब एवं जल संरक्षण जैसे बुनियादी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की स्थानीय जरूरत अलग होती है, इसलिए विकास की कार्ययोजना तैयार करते समय ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार के स्थानीय अवसर पैदा किए जा सकते हैं। वीबीजी राम जी योजना सहित रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को काम उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, भूमि सुधार, तालाब गहरीकरण, पौधरोपण और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ताकि योजनाओं का लाभ वर्तमान के साथ भविष्य में भी ग्रामीणों को मिल सके।
अरुण सार्वा ने पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोडऩा प्राथमिकता होनी चाहिए।
श्री सार्वा ने आगे कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी व राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा ग्रामीण विकास को और बेहतर करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे है। धमतरी जिले में भी इस दिशा में लगातार प्रयास हो रहे है।
उल्लेखनीय है कि श्री सार्वा जब से जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए है तब से लगातार क्षेत्र के दौरे पर रहते है विभिन्न आयोजनो में शामिल होते है ग्रामीण क्षेत्रो में जाकर योजनाओं की क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत से रुबरु होते है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!