Uncategorized

एसपी भावना पांडेय ने किया सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण: लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश

अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश: अपराध नियंत्रण के लिए सतर्क एवं मुस्तैद रहने कहा

आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण करने दिए निर्देश

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा 30 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। विकसित भारत विजन-2047 के लक्ष्यों को दृष्टिगत रखते हुए थाना कार्यप्रणाली को आधुनिक, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा एवं परेड का निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट परेड एवं उत्तम वेशभूषा वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया तथा स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया गया। थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जप्त माल के रखरखाव का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुंदर बनाए रखने के लिए पौधरोपण करने भी कहा गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत से लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की जानकारी लेते हुए रजिस्टर एवं अभिलेखों का अवलोकन किया गया। सभी विवेचकों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने निर्देशित किया गया। अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने तथा केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने निर्देशित किया गया। महिला एवं बालक-बालिकाओं से संबंधित प्रकरणों, हत्या एवं अन्य गंभीर अपराधों में शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के साथ ही न्यायालयीन मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। थाना पहुंचने वाले आम नागरिकों की शिकायतों को सम्मान एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!