गणेश विसर्जन में धुमाल पार्टी से विवाद कर तलवार व लाठी लहराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही: आर्म्स एक्ट के तहत 3 आदतन उपद्रवी सलाखों के पीछे

विसर्जन के दौरान मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों से तलवार, बेसबॉल और हॉकी स्टिक बरामद
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों और हथियार लहराने वालों के विरुद्ध लगातार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी तारतम्य में थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद व मारपीट कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
मामले के प्रार्थी ‘रूद्राक्ष धुमाल पार्टी’ (सांकरा, नगरी) के संचालक अपने साथियों सहित बांसपारा धमतरी के गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। मराठा पारा मंगल भवन के पास आरोपीगण पहुंचे और अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर रामबाग के पास बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और धारदार तलवार लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही तलवार लहराकर दहशत फैलाते हुए धुमाल पार्टी के सदस्यों से मारपीट की तथा बाजा व वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 232/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को तलब कर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
गवाहों के समक्ष आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार विधिवत जब्त किए गए.गिरफ्तार आरोपियों मे रितेश पेंदरिया उर्फ रितू पिता संतोष पेंदरिया (20 वर्ष), निवासी- मराठा पारा, मंगल भवन के पास, धमतरी,जतीश साहू उर्फ डुई पिता टोमन साहू (19 वर्ष), निवासी- बांसपारा, मंगल भवन के पास, धमतरी,अमरचंद पटेल उर्फ छोटू पिता परदेशी पटेल (26 वर्ष), निवासी- महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, बनिया तालाब, धमतरी।तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।
