Uncategorized

पहलवान लक्ष्मण साहू को मिला शहीद विनोद चौबे सम्मान, हटकेशर साहू समाज ने किया अभिनंदन

धमतरी। कुश्ती के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले पहलवान लक्ष्मण साहू को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित किए जाने पर हटकेशर साहू समाज, धमतरी द्वारा उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। उनकी इस उपलब्धि से समाजजनों में हर्ष का माहौल है। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर तहसील साहू समाज धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रभागा साहू ने पहलवान लक्ष्मण साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान समूचे साहू समाज के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसी उपलब्धियां न केवल किसी व्यक्ति के परिश्रम और प्रतिभा को सम्मान दिलाती हैं, बल्कि समाज के अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
हटकेशर साहू समाज के अध्यक्ष महेश साहू एवं उपाध्यक्ष चित्रेश साहू ने भी पहलवान लक्ष्मण साहू को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित होना उनकी प्रतिभा, संघर्ष और निरंतर प्रयासों का सम्मान है। उन्हें विश्वास है कि लक्ष्मण साहू भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों के माध्यम से साहू समाज सहित धमतरी जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।
इस अवसर पर गोपीकिशन साहू, रामदयाल साहू, शशिकांत साहू, संतोष साहू, परमेश्वर साहू, उमाशंकर साहू, गेंदू राम, अस्थिर, तोषण, जीवन साहू, अशोक साहू, जितेंद्र साहू, रामरतन एवं निरंजन साहू सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!