नेशनल हाईवे में 13.49 ग्राम हीरा के साथ पकड़ा गया आरोपी, पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी कर बेचने की फिराक में था
साइबर सेल एवं बिरेझर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

धमतरी। चौकी बिरेझर,(थाना कुरूद) एवं साइबर सेल धमतरी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 146 नग बहुमूल्य हीरे जब्त कर हीरा तस्कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10,15,200 रूपये है।
18 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि NH-30 मुख्य मार्ग पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है।सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बिरेझर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल, उम्र 64 वर्ष, निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से झिल्ली में लिपटे कुल 146 नग सफेद, चमकदार एवं पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए। मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने उक्त पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना तथा अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 21(4) खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पाए जाने पर 19 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय, कुरूद के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
▪️*जब्त समान का विवरण*-
*146 नग बहुमूल्य पत्थर (हीरे): कुल वजन 16.17 ग्राम, शुद्ध वजन 13.49 ग्राम – अनुमानित कीमत 10,05,000/- रूपये
*मोबाइल फोन: दो सिम सहित – कीमत 8,000रूपये
*नकद राशि: 2,200रूपये
▪️*कुल जुमला जब्ती:* 10,15,200/- (दस लाख पंद्रह हजार दो सौ रुपये)।
