Uncategorized

विश्व पोलियो दिवस पर रोटरी क्लब ऑफ धमतरी का संकल्प:पोलियो मुक्त विश्व के अंतिम लक्ष्य तक जारी रहेगा अभियान

धमतरी- विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धमतरी ने पोलियो उन्मूलन के लिए रोटरी इंटरनेशनल द्वारा किए गए ऐतिहासिक प्रयासों को याद करते हुए इस अभियान में सहयोग देने वाले शासन, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्यकर्मियों एवं समाज के सभी वर्गों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
रोटरी क्लब ऑफ धमतरी के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र शर्मा तथा इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल , सचिव जागृति दोशी, डॉ आराधना गुप्ता, डॉ सुमित गुप्ता,चार्टर मेम्बर मदन मोहन खंडेलवाल , बिपिन पटेल , बी एल जैन , सलिल श्रीवास्तव, डॉ साहा , दिलीप मेहता ने पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस अभियान को निरंतर गति देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
पोलियो उन्मूलन विश्व जनस्वास्थ्य के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। रोटरी इंटरनेशनल वर्ष 1979 से पोलियो उन्मूलन के प्रयासों में जुटा हुआ है। वर्ष 1988 में ग्लोबल पोलियो इरेडिकेशन इनिशिएटिव की स्थापना में रोटरी ने संस्थापक भागीदार की भूमिका निभाई। इसके परिणामस्वरूप विश्वभर में जंगली पोलियो वायरस के मामलों में 99 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। रोटरी ने इस अभियान के लिए अरबों डॉलर का योगदान देने के साथ दुनिया भर के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भारत ने भी इस अभियान में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। वर्षों के सतत टीकाकरण, जनजागरूकता, स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और सामूहिक सहभागिता के बाद भारत को 27 मार्च 2014 को जंगली पोलियो वायरस मुक्त प्रमाणित किया गया। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
रोटरी क्लब ऑफ धमतरी भी पिछले लगभग 40 वर्षों से पोलियो उन्मूलन के अभियान में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाता आ रहा है। क्लब के सदस्यों ने जनजागरूकता, टीकाकरण अभियानों में सहयोग और समाज को प्रेरित करने के माध्यम से इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। धमतरी से शुरू हुई जागरूकता और सेवा की यह भावना आज भारत की पोलियो मुक्त उपलब्धि तथा विश्वव्यापी अभियान की सफलता से जुड़ी हुई है।
रोटेरियन सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि पोलियो के विरुद्ध लड़ाई में निरंतरता और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक बच्चे तक टीकाकरण की सुरक्षा पहुंचाना और समाज में जागरूकता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल ने कहा कि रोटरी का पोलियो उन्मूलन अभियान सेवा, समर्पण और वैश्विक सहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। आज दुनिया इस बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के बेहद करीब है, लेकिन जब तक अंतिम बच्चे तक टीके की सुरक्षा नहीं पहुंचती और वायरस का पूरी तरह उन्मूलन नहीं हो जाता, तब तक हमें रुकना नहीं है। उन्होंने सभी रोटेरियन्स से विश्व पोलियो दिवस पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा स्कूलों से बच्चों और अभिभावकों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
वर्तमान में जंगली पोलियो वायरस का संक्रमण मुख्यतः अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बना हुआ है। दुनिया ने इस बीमारी के विरुद्ध असाधारण प्रगति की है, लेकिन अंतिम लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर निगरानी, टीकाकरण और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
रोटरी क्लब ऑफ धमतरी ने शासन, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवकों, अभिभावकों तथा उन सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पोलियो उन्मूलन के इस महाअभियान में अपना योगदान दिया है।
क्लब का मानना है कि पोलियो के विरुद्ध लड़ाई केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की लड़ाई है। रोटरी ने इस अभियान के माध्यम से सिद्ध किया है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और सामूहिक सहयोग से दुनिया की सबसे कठिन चुनौतियों को भी पराजित किया जा सकता है।
विश्व पोलियो दिवस पर रोटरी क्लब ऑफ धमतरी सभी नागरिकों से अपील करता है कि बच्चों के नियमित टीकाकरण को प्राथमिकता दें, स्वास्थ्य विभाग के अभियानों में सहयोग करें और पोलियो के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!