मराठा पारा व बांसपारा में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर कार्यवाही,मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 6 नाबालिग हिरासत मे
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही, नकाब पहनकर गाली-गलौज एवं तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों से घातक हथियार बरामद

आधी रात मोहल्ले में आतंक मचाने वालों पर धमतरी पुलिस का शिकंजा, 1 बालिग आरोपी गिरफ्तार, 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों एवं उपद्रवी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठा पारा एवं बांसपारा क्षेत्र में देर रात हथियारों के साथ उत्पात मचाकर आम नागरिकों में भय एवं दहशत फैलाने वाले उपद्रवी गिरोह के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की गई है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार, 21 अक्टूबर की दरमियानी रात लगभग 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा एवं बांसपारा वार्ड में एकत्र हुए। उनके हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार एवं चाकू जैसे हथियार थे। आरोप है कि उक्त युवकों ने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी तथा घरों के दरवाजों एवं दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न किया।
प्रार्थी वार्डवासी मराठापारा की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी एवं पूछताछ करते हुए त्वरित कार्यवाही की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन, 19 वर्ष, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई है।
प्रकरण में संलिप्त 06 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
*घटना में प्रयुक्त हथियार एवं कपड़े जब्त*
विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे एवं घटना के समय पहने गए कपड़ों को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है। प्रकरण में तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।घटना मे धाराएं: 296, 351(2), 191(3), 189(4) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है.प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

