शीघ्र ही प्रारंभ होगा अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में ओपन जिम स्थापना का कार्य, युवाओं में उत्साह
अध्यक्ष निधि से स्थापित होगा ओपन जिम, मिलिट्री, पुलिस एवं अग्निवीर भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी सुविधा

भखारा। नगर पंचायत भखारा-भठेली में युवाओं को खेल एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन की अध्यक्ष निधि से अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम परिसर में ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा ओपन जिम स्थापना का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा।
इस सुविधा के शुरू होने से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को शारीरिक व्यायाम एवं फिटनेस के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। विशेष रूप से मिलिट्री, पुलिस, अग्निवीर एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह ओपन जिम काफी उपयोगी साबित होगा। इन भर्तियों में शारीरिक दक्षता, नियमित व्यायाम, दौड़ एवं मांसपेशियों की मजबूती का विशेष महत्व होता है। ऐसे में स्टेडियम परिसर में ही व्यायाम की सुविधा मिलने से युवाओं को अपनी तैयारी में काफी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के युवा लंबे समय से स्टेडियम में ओपन जिम स्थापित करने की मांग कर रहे थे। उनकी इस मांग और आवश्यकता को देखते हुए अध्यक्ष निधि से यह पहल की जा रही है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ-साथ नियमित मॉर्निंग वॉक, व्यायाम एवं अपनी फिटनेस पर ध्यान देने वाले नागरिक भी लाभान्वित होंगे।
विशेषकर सर्दियों के मौसम में सुबह के समय शारीरिक गतिविधियों एवं व्यायाम के प्रति लोगों में विशेष रुचि रहती है। ऐसे में ओपन जिम की उपलब्धता स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए भी उपयोगी होगी। इससे युवाओं में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना आवश्यक है। नगर में मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य एवं युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष निधि से ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। हमारा प्रयास है कि नगर के युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता विकसित करने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिलें।
ओपन जिम की स्थापना की पहल पर वरुण देव, प्रशिक्षक समीर गौर, राहुल साहू (एथलीट), लिलेश साहू, कुबेर मिश्रा, टावेन्द्र साहू एवं गुलशन साहू (स्पोर्ट्स टीचर) सहित अन्य खेल एवं शारीरिक प्रशिक्षण से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होना युवाओं के लिए काफी लाभकारी रहेगा। लंबे समय से इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इससे सेना, पुलिस एवं अन्य शारीरिक दक्षता आधारित भर्तियों की तैयारी करने वाले युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही खेल एवं फिटनेस के प्रति युवाओं का रुझान भी बढ़ेगा।
निश्चित रूप से अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में ओपन जिम की स्थापना नगर के खेल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल साबित होगी।
