Uncategorized

गुरुर में कांग्रेस की मोटरसायकिल रैली, चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर निष्पक्ष चुनाव की मांग

बालोद जिला प्रभारी, कुरूद के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, नई दिल्ली लेख राम साहू तथा विधायक संगीता सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे उपस्थित

गुरुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुरुर के तत्वावधान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ एवं ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत मोटरसाइकिल रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय के सामने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में बालोद जिला प्रभारी, कुरूद के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, नई दिल्ली लेख राम साहू तथा विधायक संगीता सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक संगीता सिंह सहित उपस्थित नेताओं ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां जनता को अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव वयस्क मताधिकार के आधार पर होते हैं। निर्धारित कानूनी पात्रता पूरी करने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु 18 वर्ष से कम नहीं है और जो कानून के तहत अयोग्य घोषित नहीं है, को मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का अधिकार है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर उसका उचित निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। उन्होंने निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा मतदान प्रक्रिया में जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनका समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था और जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
रैली के बाद एसडीएम कार्यालय के सामने पुतला दहन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था, मतदाताओं के अधिकारों के संरक्षण तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष पलारी ज्ञानेंद्र साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष महिमा साहू, वर्षा साहू, जितेंद्र यादव, तामेश्वर साहू, सुमन साहू, ओंकार, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों के संरक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग दोहराई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!