आईटीआई के विद्यार्थियों को कलेक्टर ने दिया कौशल विकास और नवाचार का संदेश
कहा, पढ़ाई के साथ हुनर भी जरूरी, बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को निरंतर करें अपडेट

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कुरूद स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पहुंचकर विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके प्रशिक्षण, अध्ययन एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कोपा, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डिंग सहित विभिन्न ट्रेडों के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके द्वारा सीखे जा रहे तकनीकी कौशल और प्रशिक्षण के व्यावहारिक अनुभवों के बारे में जाना। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ बैठक कर आधुनिक तकनीक, नवीन प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा रोजगार एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में उपयोगी डिजिटल टूल्स की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि आगामी माह नवंबर के अंतिम सप्ताह में कुरूद में युवा फेस्टो आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थी अपनी रुचि एवं विधा के अनुरूप इसमें पंजीयन कराएं और अपनी प्रतिभा एवं हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय एआई प्रशिक्षण आयोजित करने की जानकारी देते हुए इसमें अनिवार्य रूप से सहभागिता कर नई तकनीक सीखने की अपील की। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा एवं एसडीएम पीयूष तिवारी ने अपने विद्यार्थी जीवन, पढ़ाई के अनुभवों, चुनौतियों और करियर निर्माण के दौरान मिली सीख को भी साझा किया।