Uncategorized

धमतरी पुलिस की तीन स्थानों पर दबिश, 15 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

कोतवाली, करेलीबड़ी एवं सिहावा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 44 हजार 890 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त

धमतरी। जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर 11 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी एवं थाना सिहावा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे कुल 15 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44 हजार 890 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

मिशन ग्राउंड में दो जुआरी गिरफ्तार

पहली कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा धमतरी के मिशन ग्राउंड में की गई। यहां जुआ खेलते हुए दो आरोपियों भावेश जैन पिता नेमीचंद जैन, निवासी शांति कॉलोनी धमतरी तथा कैलाश केशवानी पिता स्व. चुन्नीलाल केशवानी, निवासी रत्नाबांधा धमतरी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 41 हजार 200 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

ग्राम भेण्ड्री में पांच आरोपी पकड़ाए

दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी पुलिस द्वारा ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे की गई। यहां जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ज्ञानेश्वर पिता केरहाराम मांड़े, राकेश पिता अनक कुमार निषाद, रूपेश पिता भागवत निषाद, चंद्रशेखर पिता युवराज सिन्हा एवं टिकेश पिता रामचरण निषाद शामिल हैं। सभी ग्राम भेण्ड्री, चौकी करेलीबड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 1,150 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की।

सांकरा गौठान के पीछे आठ जुआरी गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई थाना सिहावा पुलिस द्वारा ग्राम सांकरा में गौठान के पीछे की गई। यहां जुआ खेलते हुए आठ आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में गिरधर निषाद पिता गणेश निषाद, द्वारिका साहू पिता गुहरीराम साहू, नौहर लाल साहू पिता कार्तिकराम साहू, ईश्वर तारक पिता आशाराम तारक, मोहन ओटी पिता ईश्वर ओटी, अश्वन साहू पिता विरसु साहू, संतोष नाथ पिता उपेन्द्र नाथ एवं राजू साहू पिता गणेश राम साहू शामिल हैं। सभी ग्राम सांकरा (कोड़मुड़पारा), थाना सिहावा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 2,540 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
तीनों अलग-अलग कार्रवाई में कुल 15 जुआरियों की गिरफ्तारी के साथ 44,890 रुपये नगद जब्त किए गए। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास जुआ-सट्टा अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!