दीपावली के बाद जिले के पर्यटन स्थलों में बढ़ी रौनक, उमड़ रहे बड़ी संख्या में पर्यटक
गंगरेल, मां अंगारमोती मंदिर, नरहरा, माडमसिल्ली, सोंढुर, दुधावा बांध में बढ़ी पर्यटकों की संख्या
अंचल में मेले मंडई का दौर भी हुआ शुरु, आने वाले दिनों में गांवो में बढ़ेगी मंडई की रौनक

धमतरी। दीपावली पर्व के बाद अब जिले में पर्यटन और सैर-सपाटे का सिलसिला तेज हो गया है। पर्व की खुशियों के बीच लोग परिवार और दोस्तों के साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। जिले के प्रसिद्ध गंगरेल बांध से लेकर माडमसिल्ली, दुधावा, सोंढूर बांध और नरहरा जलप्रपात तक पर्यटकों की आवाजाही बढऩे से इन स्थानों पर रौनक दिखाई देने लगी है। वहीं गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। दीपावली के बाद मौसम में हल्की ठंडक घुलने लगी है। सुबह और शाम का खुशनुमा मौसम लोगों को घरों से बाहर निकलकर घूमने-फिरने के लिए आकर्षित कर रहा है। ऐसे में जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं। खासकर सप्ताहांत और छुट्टियों के दिनों में परिवार सहित पहुंचने वाले पर्यटक बांधों, जलाशयों, हरियाली और प्राकृतिक नजारों के बीच समय बिताना पसंद कर रहे हैं। गंगरेल बांध इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। विशाल जलाशय, आसपास का मनोरम प्राकृतिक दृश्य और ठंडी हवाएं लोगों को खासा आकर्षित कर रही हैं। यहां पहुंचकर पर्यटक परिवार के साथ फोटोग्राफी, सैर-सपाटा और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं। वहीं मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भी आवाजाही बनी हुई है। धार्मिक आस्था और पर्यटन का संगम होने के कारण गंगरेल क्षेत्र में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। इसी तरह माडमसिल्ली बांध, दुधावा और सोंढूर जलाशय भी प्रकृति प्रेमियों के पसंदीदा स्थल बन रहे हैं। इन स्थानों की प्राकृतिक खूबसूरती, शांत वातावरण और जलाशयों का विहंगम दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। दूसरी ओर नरहरा जलप्रपात में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। झरने की प्राकृतिक छटा और आसपास का मनोरम वातावरण लोगों को आकर्षित कर रहा है। युवा वर्ग के साथ ही परिवार और मित्र मंडलियां भी इन पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर छुट्टियों का आनंद उठा रही हैं। जिले में पर्यटन गतिविधियों के साथ ही पारंपरिक मड़ई-मेलों का दौर भी शुरू हो चुका है। ग्रामीण अंचलों में मड़ई का आयोजन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक माना जाता है। मड़ई में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना, पारंपरिक रीति-रिवाज, लोक कला और मनोरंजन के विभिन्न आयोजन ग्रामीण जनजीवन में उत्साह भर देते हैं। आसपास के गांवों के लोग भी मड़ई में शामिल होने पहुंचते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मेले जैसा माहौल बनने लगा है।
नाईट कैम्पिंग, होम स्टे की भी सुविधा
बता दे कि पिछले कुछ सालों में जिले में पर्यटन का विकास हुआ है। यहां पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी है। कई ऐसे पर्यटन स्थल है जहां अब पर्यटकों की संख्या बढऩे लगी ैह। जिनमें उदंती सीतानदी टाईगर रिजर्व एरिया, जर्बरा इको टूरिज्म, कुछ नाईट कैम्पिंग, होम स्टे की सुविधा भी बढ़ी है। वहीं हरफर सहित डूबान के कुछ इलाके अपनी प्राकृतिक नजारे के कारण चर्चे में है।
सोशल मीडिया से मिल रहा बढ़ावा
ज्ञात हो कि आज के दौर में सोशल मीडिया एक ऐसा माध्यम है जहां प्रचार-प्रसार तेजी व आसानी से हो जाता है। जिले के कई पर्यटन स्थलों के रील्स काफी वायरल होते है। जिनसे जिले के अतिरिक्त प्रदेश भर के पर्यटक जिले के पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित होते है।

