दिव्यांगता बनी हौसले की ताकत, साइकिल से 17 राज्यों का सफर तय कर चुके वासु राइडर का भखारा में सम्मान

17 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर रहे आगरा के वासु, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और दिव्यांगजनों के सम्मान का दे रहे संदेश
भखारा। मजबूत इच्छाशक्ति और बुलंद हौसलों के सामने शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। इसका जीवंत उदाहरण हैं उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी वासु राइडर, जो लगभग 55 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद साइकिल से देश भ्रमण पर निकले हैं। अपनी अखिल भारतीय साइकिल यात्रा के दौरान 23 नवंबर को धमतरी होते हुए भखारा पहुंचे वासु राइडर का जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।
जन्म से ही दोनों हाथों और पैरों की उंगलियां नहीं होने के बावजूद वासु प्रतिदिन लगभग 100 से 150 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। वे अब तक करीब 17 राज्यों का भ्रमण करते हुए 17 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी कर चुके हैं। साइकिल पर तिरंगा लेकर निकले वासु का उद्देश्य केवल देश भ्रमण करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, नशामुक्ति और दिव्यांगजनों के प्रति सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।
*संघर्ष को बनाया अपनी पहचान, स्टीफन हॉकिंग से मिली प्रेरणा*
वासु राइडर ने बताया कि बचपन से ही शारीरिक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद उनके मन में देश के लिए कुछ करने की इच्छा रही। सेना और पुलिस में जाने का अवसर नहीं मिलने पर उन्होंने समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए साइकिल यात्रा का रास्ता चुना। महान वैज्ञानिक स्टीफन विलियम हॉकिंग के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरित होकर उन्होंने जून 2025 में इस अभियान की शुरुआत की।
वे युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण की रक्षा करने का संदेश दे रहे हैं। उनका मानना है कि देश और समाज को बेहतर बनाने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, गांव और क्षेत्र से करनी चाहिए।
*जनप्रतिनिधियों ने शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मान*
धमतरी से भखारा पहुंचे वासु राइडर का विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू एवं सभापति छबीलाल निर्मलकर सहित स्थानीय नागरिकों ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उनके रुकने एवं भोजन की व्यवस्था गौतम जैन द्वारा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद हजारों किलोमीटर की यात्रा कर समाज को जागरूक करने का उनका प्रयास बेहद सराहनीय है। वासु राइडर ने अपने संकल्प और साहस से यह साबित किया है कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा, क्षमता और सपनों के रास्ते की बाधा नहीं बन सकती।
*छत्तीसगढ़ के बाद झारखंड की ओर करेंगे प्रस्थान*
वासु राइडर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बाद उनका अगला पड़ाव झारखंड होगा। इसके पश्चात बिहार, तिब्बत, श्रीलंका सहित अन्य स्थानों तक यात्रा करने की योजना है। भखारा में सम्मान प्राप्त करने के बाद मंगलवार को वे रायपुर की ओर रवाना हुए।
*हरख जैन ने की पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति की अपील*
इस अवसर पर हरख जैन ने कहा कि वासु राइडर का साहस और संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अंचल के युवाओं एवं नागरिकों से उनकी यात्रा से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने, नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वासु राइडर का सफर इस बात का संदेश है कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प हो तो शारीरिक सीमाएं भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। उनका यह अभियान निश्चित रूप से समाज में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार करेगा।
