Uncategorized

कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में बनेगा शेड, परिसर में होगा पेवर निर्माण

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए आवश्यक निर्देश

नगरी प्रवास के दौरान कलेक्टर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से की चर्चा, धार्मिक स्थल के विकास पर दिया जोर

धमतरी, 24 नवंबर 2026/ जिले के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था के केंद्रों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी प्रवास के दौरान ग्राम कुम्हड़ा स्थित प्रसिद्ध कुम्हड़ाईन दाई मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों के साथ बैठक कर मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों के बेहतर प्रबंधन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। समिति के सदस्यों ने बताया कि कुम्हड़ाईन दाई मंदिर क्षेत्र का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आस्थागत स्थल है। यहां प्रतिवर्ष दो बार मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें धमतरी जिले के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के अवसर पर मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।

समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में शेड निर्माण की आवश्यकता बताई, ताकि धार्मिक आयोजनों, भंडारे एवं अन्य सामूहिक गतिविधियों के दौरान लोगों को धूप और बारिश से बचाव के साथ बैठने की समुचित सुविधा मिल सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने समिति द्वारा रखे गए सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण तथा पेवर कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलती है और स्थानीय धार्मिक परंपराओं एवं आयोजनों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

प्रस्तावित निर्माण कार्यों से मंदिर परिसर अधिक सुव्यवस्थित होगा तथा मेले एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, एसडीएम नगरी श्री मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
// अमित/

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!