Uncategorized

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कौशल विकास को नई दिशा देगा एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम, महापौर रामू रोहरा ने किया कार्यशाला का शुभारंभ

धमतरी- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के तत्वावधान में महिलाओं के आर्थिक विकास, कौशल संवर्धन एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, रुद्री में ‘स्त्री-धमतरी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को तकनीकी संसाधनों से जोड़ने, उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित उद्घाटन समारोह एवं एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को उद्यमशीलता की बुनियादी जानकारी, स्वरोजगार के अवसरों, तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा छोटे एवं लघु उद्योगों की स्थापना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस पहल के अंतर्गत महिलाओं की उद्यमशीलता क्षमताओं का निर्माण, उनके हुनर को निखारना, आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महिलाओं को आधुनिक तकनीक एवं नवाचार से जोड़कर उनकी प्रतिभा और कार्यक्षमता को नए अवसर प्रदान करने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। आवश्यकता है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, तकनीकी ज्ञान और संसाधनों के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। कौशल विकास और उद्यमिता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सशक्त माध्यम हैं। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो परिवार, समाज और देश के विकास में उनकी भागीदारी और अधिक प्रभावशाली होगी।
महापौर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, स्वरोजगार अपनाने और स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं। धमतरी की महिलाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को कौशल, तकनीक और नवाचार के साथ जोड़कर उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!