विकास की रोशनी से परेशान है कांग्रेस: झूठे आरोपों से गुमराह कर रही जनता को – नरेंद्र रोहरा

धमतरी। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के धमतरी प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं और विकास कार्यों को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं भवन अनुज्ञा सभापति नरेंद्र रोहरा ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि धमतरी में बीते कुछ वर्षों में जो अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, वे सिफऱ् कागज़़ी नहीं, बल्कि धरातल पर मजबूती से दिखाई दे रहे हैं और यही सच्चाई कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रही। रोहरा ने कहा कि धमतरी जिला अब विकास की दृष्टि से एक मॉडल बनता जा रहा है। चाहे नगर के सौंदर्यीकरण की बात हो, नालों और सड़कों का निर्माण हो, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो या शिक्षा संस्थानों का उन्नयन हर क्षेत्र में सरकार ने गंभीरता से काम किया है। जिला अस्पताल का उन्नयन, महिलाओं के लिए महतारी वंदन, युवाओं के लिए खेल परिसर और रोजग़ार के नए अवसर,सब कुछ विकास की एक ठोस तस्वीर पेश करते हैं। इस दौरान उन्होंने धमतरी के नगर निगम महापौर रामू रोहरा की भी सराहना की और कहा,उनकी मेहनत, सक्रिय भागीदारी और निरंतर निगरानी ने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति दी है। नगर विकास के हर मोर्चे पर उनका समर्पण काबिल-ए-तारीफ है।आगे कहा कि धमतरी की नगर निगम में वर्षों से लंबित कार्यों को मौजूदा सरकार ने प्राथमिकता दी है। नालंदा परिसर, हाइटेक बस स्टैंड, ऑडिटोरियम निर्माण,नाला निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, मुख्य सड़क चौड़ीकरण,कला केंद्र ये सब ऐसे कार्य हैं, जिनसे आम नागरिक को सीधा लाभ मिलेगा। धमतरी के सर्वांगीण विकास में केवल सरकार नहीं, बल्कि समर्पित जनप्रतिनिधियों की पूरी टीम जुटी है। कांग्रेस द्वारा इन विकास कार्यों के नाम पर दिखाए जा रहे झूठे सपने कहकर विकास को खारिज करना न केवल प्रशासनिक मेहनत का अपमान है, बल्कि जनता की समझदारी का भी अपमान है। रोहरा ने कहा कि जनता को पता है कि आज उनका शहर किस दिशा में जा रहा है और वे यह भी जानते हैं कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब धमतरी विकास के नाम पर सिफऱ् आश्वासनों में उलझा रहा।धमतरी के नागरिक आज गर्व से कह सकते हैं कि उनका शहर अब विकास की रफ्तार पर सवार है।