स्वच्छता सिर्फ प्रशासन की व्यवस्था नहीं बल्कि नागरिको की भी जिम्मेदारी है- ज्योति जैन

भखारा। नगर पंचायत भखारा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर बस्ती पंचायत के सहयोग से मुरूम और मिट्टी भराई का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। इनमें सड़कों, पहुंच मार्गों, गलियों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय परिसरों, मुक्तिधाम व गौठान जैसे स्थान शामिल हैं। यह कार्य नगर में साफ-सफाई, जलभराव की समस्या से निजात और आवागमन की सुगमता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। जहां आवश्यकता महसूस हो रही है, वहां मुरूम डालकर मार्गों को समतल किया जा रहा है, जिससे कीचड़ व धूल की समस्या से राहत मिल सके। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत ने नियमित सफाई अभियान शुरू किया है। सफाईकर्मी नालियों की सफाई, कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में लगातार जुटे हुए हैं। इसके साथ ही नगर में स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं। नपं अध्यक्ष ज्योति हरखचंद जैन ने कहा स्वच्छता सिर्फ व्यवस्था नहीं, नागरिक जिम्मेदारी है। मुरूम-मिट्टी भराई और स्वच्छता अभियान में जनता की भागीदारी ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सब मिलकर भखारा को न केवल स्वच्छ, बल्कि सुंदर और विकसित नगर के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।

