सड़क किनारे खड़ी हाईवा से जा टकराई दूसरी हाईवा, क्लीनर की मौत, ड्रायवर गंभीर
बीती रात्रि सिहावा रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा, गैस कटर व क्रेन की मद्द से लगभग 5 घंटे की मेहनत के बाद गाड़ी से निकाला गया ड्रायवर, क्लीनर को

धमतरी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच बीती रात्रि एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी जिसमें 16 वर्षीय क्लीनर की मौत हो गई व ड्रायवर गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि मृतक क्लीनर को गाड़ी से निकालने में 5 घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात्रि राजनांदगांव से हाईवा वाहन रेत ले जाने राजपुर पहुंचा रेत भर वापस लौट रहा तभी रात्रि लगभग 2 बजे सिहावा रोड पर पूजा राईस मिल के पास सड़क किनारे रेत से भरी एक अन्य हाईवा वाहन से जा भिड़ी, दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनाग्रस्त हाईवा का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामने वाले हाईवा के पिछले हिस्से में जा घुसा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व समाजसेवी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना में घायल ड्रायवर क्लीनर को बाहर निकालने का प्रयास शुरु हुआ, लेकिन हादसे में बुरी तरह गाड़ी के भीतर फंसने के कारण ड्रायवर, क्लीनर को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर व क्रेन की मद्द से लगभग 5 घंटे की मेहनत के बाद दोनो को बाहर निकाला गया। जहां 16 वर्षीय क्लीनर की मौत हो गई। वहीं ड्रायवर को पैर व शरीर के अन्य हिस्सो में गंभीर चोटे आई है जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।