क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत धमतरी को मिली 10 लाख की स्वीकृति
आयुक्त प्रिया गोयल द्वारा खिलाडिय़ों एवं कोचों की बैठक आयोजित कर उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी गई थी
धमतरी । खेल विभाग द्वारा क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत धमतरी नगर पालिक निगम को 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह उपलब्धि कलेक्टर के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त प्रिया गोयल, खेल अधिकारी पीयूष तिवारी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।निगम के द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव में खेल मैदानों के उन्नयन, व्यायामशालाओं के सुदृढ़ीकरण, खिलाडिय़ों के लिए खेल सामग्रियों की उपलब्धता और प्रतियोगिताओं के आयोजन का खाका प्रस्तुत किया गया था। खेल विभाग ने इस प्रस्ताव का सकारात्मक मूल्यांकन कर राशि स्वीकृत की। निगम ने पूर्व में खिलाडिय़ों एवं कोचों की बैठक आयोजित कर उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी गई थी। उल्लेखनीय है कि खेल जगत में सुधार की दिशा में महापौर रामू रोहरा द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है।भविष्य की योजनाओं में नगर के प्रमुख खेल मैदानों का सुधार, खिलाडिय़ों को आवश्यक किट एवं उपकरण उपलब्ध कराना तथा महिला खिलाडिय़ों हेतु विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शामिल है।