हरियाणा की नैन फाउंडेशन एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी, निगम में जमा राशि भी होगी राजसात
निगमायुक्त प्रिया गोयल ने थमाया नोटिस, श्वान बधियाकरण का है मामला

श्वान के बधियाकरण को लेकर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने सख्त कदम उठाना प्रारंभ कर दिया है, एफ डी आर राजसात सहित ब्लैक लिस्ट की तैयारी की जा रही है। बता दे कि श्वान के बधियाकरण के लिए निकाले गए निविदा में नैन फाउंडेशन ने बढ़चढकर भाग लिया था और निगम के साथ अनुबंध भी कर लिया था। जिसके आधार पर निगम ने संबंधित एजेंसी को कार्य आदेश मई माह में ही जारी कर दिया था, ताकि तय समय पर बधियाकरण का कार्य हो जाए। एजेंसी ने टालमटोल करते हुए एक माह ऐसे ही निकाल दिया ओर जुलाई माह में आवेदन देकर स्थल की मांग की। निगम ने तत्परता दिखाते हुए जुलाई में ही स्थल चयन कर संबंधित एजेंसी को अवगत करा दिया और कार्य शीघ्र प्रारंभ करने कहा। बावजूद एजेंसी के द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। एजेंसी ने पुन: टालमटोल करते हुए निगम द्वारा बताए गए स्थल को अनुपयुक्त बताकर नए स्थल की मांग की। निगम ने सक्रियता दिखाते हुए इस पर शहर के कई स्थलों से एजेंसी को अवगत कराया तथा स्वान का शीघ्र बधियाकरण करने निर्देश दिया। फिर भी एजेंसी के द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। निगम ने जुलाई में प्रथम नोटिस जारी करने के बाद पुनः दूसरा नोटिस कुछ दिनों बाद जारी किया और 24 घंटे के भीतर कार्य प्रारंभ करने कहा गया तब जाकर एजेंसी ने पूर्व बताए गए स्थलों को छोड़कर अन्य नए स्थान को चिन्हांकित करते हुए सुभाष नगर वार्ड स्थित स्थल को उपयुक्त बताया और अपनी सहमति देते हुए कार्य चालू करने निगम को अवगत कराया साथ ही स्थल पर फेंसिंग अथवा जाली लगाने का मांग किया। निगम ने सहमति प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से स्थल पर स्वान के बधियाकरण के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी और दो दिवस के भीतर स्थल पर फेंसिंग एवं जाली लगवा दिया। स्थल पूरी तरह से तैयार होने के बाद भी एजेंसी ने कार्य प्रारंभ नहीं किया, दूरभाष से संपर्क करने के बाद भी एजेंसी के द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी गईं यहां तक की एजेंसी ने फोन उठाना तक भी बंद कर दिया। बारंबार निगम द्वारा संपर्क करने के बाद भी एजेंसी के द्वारा कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दिए जाने के कारण एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने का नोटिस निगम आयुक्त ने जारी कर दिया है और निर्देशित किया है कि 24 घंटे के भीतर नगर पालिक निगम धमतरी क्षेत्र अंतर्गत श्वानों का बधियाकरण एवं टीकाकरण कार्य प्रारंभ कर अवगत कराए, अन्यथा कड़ी कार्यवाही करते हुए एजेंसी के द्वारा जमा की गई एफडीआर की राशि को राजसात कर लिया जाएगा इसके अलावा अनुबंध को निरस्त करके नैन फाउंडेशन एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।

