राष्ट्रीय गीत ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित किया और हमेशा ही राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की अलख जगाता रहा – नीरज नाहर
पीएमश्री सेजेएस स्कूल बठेना में आयोजित हुआ सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन कार्यक्रम

धमतरी। पीएम मोदी ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के मौके पर साल भर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद पूरे देश में वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन होगा। जिसके तहत आज पीएमश्री सेजेएस स्कूल बठेना में आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि नीरज नाहर विशेष रुप से शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी के साथ, सामूहिक रुप से राष्ट्रीय गीत का गायन हुआ। इस अवसर पर श्री नाहर ने बताया कि यह कार्यक्रम 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम रचित किए जाने के साल भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव की औपचारिक शुरुआत है, जो इस रचना के 150 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित हुआ। इस राष्ट्रीय गीत ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित किया और हमेशा ही राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की अलख जगाता रहा है।
सांसद प्रतिनिधि नीरज नाहर ने बताया कि साल 2025 में वंदे मातरम गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा रचित हमारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम अक्षय नवमी के पावन अवसर पर, 7 नवंबर 1875 को लिखा गया था। वंदे मातरम पहली बार साहित्यिक पत्रिका बंगदर्शन में उनके उपन्यास आनंदमठ के एक अंश के रूप में पब्लिश हुआ था। इस गीत ने मातृभूमि को शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक बताते हुए भारत की एकता और आत्मगौरव की जागृत भावना को काव्यात्मक अभिव्यक्ति दी। यह गीत जल्द ही राष्ट्र के प्रति समर्पण का एक चिरस्थायी प्रतीक बन गया।
