Uncategorized

नगर को मिली बॉक्स क्रिकेट की सौगात : खेल संस्कृति को नई दिशा देने की ओर कदम

महापौर रामू रोहरा ने किया शुभारंभ, सद्भावना क्रिकेट मैच में जिला प्रशासन की टीम रही विजेता

युवाओं को खेलों से जोडऩे जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से कर रही कार्य – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

धमतरी। नगर के खेल प्रेमियों के लिए एक नई सौगात के रूप में स्थानीय एकलव्य खेल मैदान में बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण किया गया है। इस नव निर्मित मैदान का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री रोहरा ने कहा कि शहर का विकास केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से भी मापा जाता है। खिलाडिय़ों को अभ्यास एवं खेल का सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण किया गया है। भविष्य में नगर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी ही खेल संरचनाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने नगरवासियों को इस नई खेल सुविधा के लिए बधाई दी और इसे आम नागरिकों को समर्पित किया। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के युवाओं को खेलों से जोडऩे के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए भी इस प्रकार के मैदान विकसित किए जाएंगे। इन खेल संरचनाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी थर्ड पार्टी एजेंसी को सौंपी जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और मीडिया प्रतिनिधियों की टीमों ने भाग लिया। पहले मुकाबले में पुलिस प्रशासन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 75 रनों का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की कप्तानी वाली जिला प्रशासन की टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। पुलिस टीम की कप्तानी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने की। दूसरे मैच में नगर निगम और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच मुकाबला हुआ। मीडिया टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 42 रन बनाए, जिसे महापौर रामू रोहरा की कप्तानी वाली नगर निगम की टीम ने आसानी से हासिल कर जीत दर्ज की। मीडिया टीम की कप्तानी भूपेंद्र साहू ने की। कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। बॉक्स क्रिकेट मैदान के शुभारंभ से नगर में खेलों को नई दिशा मिलेगी और युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!