कंही भी पार्क हो रही गाडिय़ा, व्यस्त व संकरे मार्गो में बनती है जाम की स्थिति
घंटो गाडिय़ां खड़ी कर व्यस्त मार्गो में होता है लोडिंग-अनलोडिंग
बेतरतीब पार्किंग को लेकर यातायात पुलिस द्वारा सख्ती बरतने की है आवश्यकता

धमतरी। शहर में पार्किंग की जगह पहले से ही कम है उस पर व्यस्त व संकरे मार्गो पर कंही भी गाडिय़ां खड़ी कर देने से यातायात जाम की स्थिति बनती है लेकिन यातायात पुलिस द्वारा इस ओर सख्ती नहीं बरती जा रही है।
सदर बाजार मार्ग में सबसे ज्यादा जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या है। यह समस्या सालों से है इसका वर्तमान में एक ही समाधान है गाडिय़ों को सड़क पर पार्किंग न कराना इससे यातायात सुगम हो सकता है, लेकिन लोगों की सालों पुरानी कंही भी गाडिय़ा खड़ी करने व अपनी सुविधा के लिए शहर वासियों को असुविधा को नजरअंदाज करने की फितरत बदलती नहीं है। इसलिए सड़क पर कंही भी दोपहिया चारपहिया वाहने खड़ी कर दी जाती है। सदर बाजार क्षेत्र में सबसे ज्यादा चमेली चौक, मठमंदिर चौक बालक चौक, गोलबाजार, सिहावा रोड, नया बस स्टैण्ड, जिला अस्पताल के बाहर आदि क्षेत्र में बेतरतीब पार्किंग की समस्या है। उक्त मार्ग काफी व्यस्त रहता है। साथ ही मार्गो संकरा भी है। यदि इस मार्ग में एक चारपहिया खड़ी हो जाये तो जाम की समस्या बन जाती है।
इसके अतिरिक्त व्यस्त मार्ग में दिन के समय जब यातायात पीक पर होता है तब भी दुकानदारों द्वारा लापरवाही बरती जाती है सड़क पर वाहन खड़ी कर लोडिंग अनलोडिंग कराया जाता है। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। यातायात पुलिस द्वारा दिन भर में व्यस्त मार्गो पर कई बार पेट्रोलिंग की जाती है, लेकिन सड़क पर यातायात में बाधक बन खड़ी गाडिय़ों पर कार्यवाही करने से परहेज करती है। यातायात पुलिस के सख्ती नहीं बरतने से लोगों में बेतरतीब पार्किंग पर कार्यवाही का डर नजर नहीं आता।
बैंको के बाहर पार्किंग बदहाल
शहर के मुख्य मार्गो के किनारे कई राष्ट्रीयकृत बैंक संचालित है। इन बैंको के सामने पर्याप्त पार्किंग स्पेस नहीं है। ऐसे में बैंको में रोजाना पहुंचने वाले सैकड़ो ग्राहकों की वाहने बैंक के बाहर सड़क पर ही खड़ी रहती है। इससे यातायात बाधित तो होता है साथ ही सड़क हादसे की आशंका भी बन जाती है। पूर्व में कई बार बैंक प्रबंधकों को व्यवस्था सुधारने को कहा गया है लेकिन व्यवस्था में आज तक सुधार नहीं हो पाया है।
