निर्मल मन ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी, भक्ति सबसे मूल्यवान साधना – पं. अतुल कृष्ण महाराज

गौशाला मैदान में पंडित राजेश शर्मा के तत्वावधान में आयोजित श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस व्यासपीठ से कथा वाचक पं. अतुल कृष्ण महाराज ने भगवान शंकर एवं माता पार्वती के पावन विवाह प्रसंग का भावपूर्ण और मधुर वर्णन किया। कथा श्रवण करते हुए श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
पं. अतुल कृष्ण महाराज ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पूंजी मनुष्य का निर्मल मन है, जबकि सबसे महंगी वस्तु सच्ची भक्ति है। उन्होंने बताया कि महादेव की प्राप्ति केवल भक्ति से ही संभव है, और जो श्रद्धालु पूर्ण आस्था, श्रद्धा और निर्मल मन से कथा श्रवण करता है, उसका जीवन स्वतः ही सुखी और समृद्ध बन जाता है।
महाराज जी ने आगे कहा कि संसार का सबसे बड़ा परमार्थ ज्ञान दान है। ज्ञान ही अज्ञान के अंधकार को नष्ट करता है, इसलिए मनुष्य को अपने कर्मपथ पर पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। भौतिक वस्तुएं क्षणिक हैं, किंतु निर्मल मन और सत्कर्म ही जीवन को सार्थक बनाते हैं।कथा के दौरान भगवान शंकर और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें भावविभोर हो उठीं। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया और जयकारों से कथा स्थल गूंज उठा।श्रीराम कथा के सफल आयोजन में प्रमुख भूमिका निभा रहे पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल कथा श्रवण नहीं, बल्कि समाज में धर्म, संस्कार और नैतिक मूल्यों का पुनर्जागरण करना है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा के माध्यम से जनमानस को भक्ति, सदाचार और कर्तव्य पथ पर अग्रसर करने का प्रयास किया जा रहा है। पं. शर्मा ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे कथा के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनें। आयोजन को सफल बनाने में उनके साथ अनेक धर्मप्रेमी समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों का सक्रिय सहयोग रहा, जिनकी निष्ठा और समर्पण से यह विशाल धार्मिक आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो रहा है.इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्याम अग्रवाल, गुरमुख सिंह होरा, दीपक लखोटिया, डॉ प्रभात गुप्ता डॉक्टर अनिल राठौड़ शशि पवार लख़्खुभाई भानूशाली, कीर्ति शाह लक्ष्मण मगर किरण गांधी, राजेंद्र श्रोती, दयाराम अग्रवाल, बिहारी अग्रवाल, प्रताप राव कृदत्त, नंदु जसवानी, पवन अग्रवाल, राजेंद्र शर्मा, विपिन साहू, आलोक जाधव, महेंद्र खंडेलवाल, भावेश लूनिया विकास शर्मा, दीप शर्मा, देवेंद्र मिश्रा, संजय तंबोली, योगेश रायपुरा, मुकेश जैन, प्रकाश शर्मा, नरेंद्र जायसवाल, डब्लू सिंह, नरेश जसुजा, बिट्टू शर्मा, एवं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

