Uncategorized

सिवनीकला में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतिम माह में एकदिवसीय संगोष्ठी का आयोजन

 धमतरी, विकासखंड कुरुद क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिवनीकला में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतिम माह में एकदिवसीय संगोष्ठी का आयोजन ग्राम पंचायत भवन परिसर में संपन्न हुआ। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के समापन अवसर पर पैक्स सिवनीकला के प्राधिकृत अधिकारी चंद्र प्रकाश साहू, ग्राम पंचायत सिवनीकला की सरपंच श्रीमती लता ध्रुव, जनपद पंचायत कुरूद के सदस्य टेकराम साहू, पूर्व सभापति (कृषि) जनपद पंचायत कुरूद सुशील साहू, ग्राम पटेल सुरेश तारक, उप सरपंच दीपदान साहू, प्रवक्ता डॉक्टर ए एन दीक्षित, जिला सहकारी संघ धमतरी के प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू, पूर्व संचालक जिला संघ कुंजीलाल साहू की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व भारत माता के चित्र पर पूजन अर्चन पश्चात अतिथियों के स्वागत उपरांत किया गया।
 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रवक्ता डॉक्टर दीक्षित ने कहा कि हमारे देश में सहकारी समितियों का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ग्रामीण कृषि अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सहकारी समितियां कृषकों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त करके कृषकों की दशा सुधारने में आगे रही है। इसके अतिरिक्त दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, हाथकरघा उद्योग, वनोंपज संग्रहण जैसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में सहकारिता का प्रभाव स्पष्ट देखा जा सकता है। सहकारिता व्यवसायिक संगठन का एक रूप है। किसी भी व्यवसाय की निरंतर प्रगति के लिए संबंधित बाजार अनुसंधान, उपभोक्ताओं से संपर्क एवं उनका फीडबैक तथा नवाचार अपरिहार्य होता है। एक ही निर्धारित तरीके से निर्धारित क्रिया को निरंतर दोहराने से व्यावसायिक प्रगति संभव नहीं है। बदलते हुए समय एवं तकनीक के साथ सहकारी समितियों को भी नवाचार को अपनाकर अपनी कार्य पद्धति में सुधार करना चाहिए, जिससे वे आज के समय के अनुसार अपने सदस्यों के लिए अधिक उत्पादक एवं लाभदायक बन सके।
 कार्यक्रम में सुशील साहू ने कहा कि छोटे-छोटे कृषक संगठित होकर गांव में रोजगार वृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। टेकराम साहू ने कहा कि जिला सहकारी संघ द्वारा आयोजित इस तरह के कार्यक्रम समय समय पर होते रहना चाहिए। चंद्र प्रकाश साहू ने कहा कि कृषकों को इस प्रशिक्षण में दी गई जानकारी का लाभ उठाना चाहिए। सुरेश तारक ने कहा कि प्रशिक्षण में बताई जा रही बातों को आत्मसात करके अपने जीवन को उन्नत बनाना चाहिए। संघ के प्राधिकृत अधिकारी सी पी साहू ने कहा कि सहकारिता से सामाजिक कुरीतियों को नियंत्रित किया जा सकता है। नशा मुक्त भारत से ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। आज वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। जैविक खेती के जरिए हम अपना खाद्यान्न विदेश में बेच सकेंगे। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में कृषक, सहकारी समिति से जुड़े सदस्य सहित महिलाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ प्रबंधक ए पी गुप्ता एवं आभार प्रदर्शन पैक्स सिवनीकला के प्रबंधक दुर्गेश बैस ने किया।
Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!