धमतरी में रेल्वे स्टेशन का कार्य 80 प्रतिशत पूरा, सिग्नल, टेलीकाम का कार्य जारी
रिजर्वेशन काउंटर के साथ ही स्टेशन होगा दिव्यांगजन फ्रेंडली, मिलेगा पीआरएस काउंटर सहित, वेटिंग हाल की सुविधा
नये साल में जिलेवासियों को मिलेगी बड़ी रेल की सौगात

धमतरी। धमतरी वासियों को अब जल्द ही नई रेलवे स्टेशन और बड़ी रेल लाइन की सौगात मिलने वाली है। रेलवे प्रबंधन द्वारा इसकी तिथि मार्च 2026 निर्धारित कर दी है। धमतरी में रेलवे स्टेशन बनाने और ट्रैक बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। इस बार मार्च 2026 तक धमतरी रायपुर ट्रेन परिचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बता दे की साल 2017 में धमतरी रायपुर चलने वाली नेरोगेज (छोटी रेल लाइन) को बंद कर दिया गया था इसके बाद नई ब्रॉडगेज (बड़ी रेल लाइन) कार्य शुभारंभ हुआ जो कि आज तक जारी है। इस बीच विश्व कोरोना काल व अन्य करणो के चलते ब्राडगेज का कार्य पूरा नहीं हो पाया, लेकिन इस बार रेलवे द्वारा मार्च 2026 तक पुन: ट्रेन परिचालन शुरू करने पूरी गंभीरता दिख रही है। बता दे की धमतरी क्षेत्र में ही कार्य पिछड़ा हुआ है. जबकि अभनपुर रायपुर मेमो ट्रेन की शुरुआत काफी पहले हो चुकी है। कुरुद क्षेत्र में भी ब्रॉड गेज का कार्य तेज गति से हुआ है। कुरुद से धमतरी तक पटरी बिछाने का कार्य अभी जारी है वही धमतरी रेलवे स्टेशन की बात करें तो लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। धमतरी स्टेशन पर बिल्डिंग का काम अंतिम चरणों में है। गुड शेड का काम हो रहा है, धमतरी में रिजर्वेशन काउंटर के का साथ ही स्टेशन परिसर दिव्यांग फ्रेंडली भी होगा। पीआरएस काउंटर के साथ ही वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं भी धमतरी स्टेशन में मिल पाएगी। धमतरी वासियों को ब्रॉड गेज सुविधा का बेसब्री से इंतजार है। लगभग 8 साल से ब्रॉड गेज का कार्य जारी है। अब इंतजार अगले कुछ महीनो में खत्म होने वाला है इससे व्यापार बढ़ाने के साथ ही परिवहन सुविधा का विस्तार होगा।
116 सालों के परिचालन के बाद बंद हुई थी छुकछुकिया नेरोगेज
बता दे की धमतरी वासियो द्वारा सालों से बड़ी रेल लाइन की मांग की जा रही थी। आखिरकार लंबे समय के इंतजार के बाद बड़ी रेल लाइन की सौगात मिली। ज्ञात हो की 1901 में ब्रिटिश काल में धमतरी – रायपुर छुकछूकिया नेरोगेज ट्रेन की शुरुआत हुई थी। लगभग 116 सालों तक लगातार नेरोगेज ट्रेन का संचालन होता रहा। बड़ी रेल लाइन की स्वीकृति के बाद 2017 में नेरोगेज लाइन को बंद कर ब्रॉडगेज का काम शुरू किया गया इसलिए धमतरी- रायपुर नेरोगेज ट्रेन ऐतिहासिक रहा है।
धमतरी से केन्द्री तक बनेगा 10 स्टेशन
धमतरी-रायपुर ब्राडगेज लाईन में कुल 10 स्टेशन बनेगा। जिसमें क्रमश: धमतरी टर्मिनल स्टेशन, सांकरा पैसेजंर हॉल, सरसोपुरी पैसेजंर हॉल, कुरुद क्रासिंग स्टेशन, सिर्री रेल्वे स्टेशन, चटौद रेल्वे स्टेशन, राजिम टर्मिनल स्टेशन, अभनपुर जंक्शन, मानिकचौरी व केन्द्री रेलवे स्टेशन होगा।
”धमतरी-रायपुर छोटी रेल लाईन को बड़ी रेल लाईन में तब्दील करने का कार्य तेज गति से जारी है। मार्च 2026 तक नियमित ट्रेन सेवा शुरु कराए जाने का प्रयास है। ÓÓ
अवधेश त्रिवेदी
सीनियर डीसीएम
रायपुर रेल मंडल