Uncategorized

महानदी मुख्य नहर पर पुल निर्माण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

धमतरी 6 जनवरी 2026 । कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज रुद्री के समीप महानदी मुख्य नहर पर बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने मार्ग में लगे विद्युत पोल को हटाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने तथा पुल निर्माण कार्य को मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बेंद्रानवागांव चौक से बांध तक पहुंचने वाली सड़क का प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय को भेजा जाए, ताकि उसे बजट में शामिल कराया जा सके। साथ ही बैराज से अछोटा तक पहुंच मार्ग को भी इसी प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि इस पुल के निर्माण से रुद्री, बेंद्रानवागांव, अछोटा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। पुल बनने से लोगों को आने जाने में आसानी होगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुल से पर्यटन स्थल रुद्री बैराज तक पहुंच सुगम होगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कलेक्टर ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रोटेक्शन वॉल निर्माण को भी बजट में शामिल करने हेतु प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त पुल निर्माण की कुल लागत 534.30 लाख रुपये है, जिसमें से लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग श्री कुरेशिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!