स्वतंत्रता दिवस पर एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने पुलिस कार्यालय धमतरी में किया ध्वजारोहण
वीर शहीदों के बलिदान को किया नमन, पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों को अनुशासन,कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा का दिया संदेश

शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर एसपी ने जानी समस्याएं, त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गरिमामय एवं देशभक्तिमय वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमारे वीर सपूतों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ आमजन की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए धमतरी पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
शहीद परिवारों से मिले एसपी, सुनी समस्याएं
स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय द्वारा जिले के शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की गई। उन्होंने शहीद परिवारों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के संबंध में जानकारी ली तथा संबंधित शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों को समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस के वीर शहीदों का बलिदान पूरे पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद परिवार हमारे अपने परिवार का हिस्सा हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए धमतरी पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, मुख्य लिपिक श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव,स्टेनो अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

