Uncategorized

रोटरी क्लब धमतरी ने फिट लाइफ मे किया झंडा वंदन

स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है-सत्येन्द्र शर्मा

धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब धमतरी एवं इनर व्हील क्लब द्वारा फिटलाइफ में गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत झंडा वंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सरोज साहा एवं इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती हमीदा रोकड़िया जी रहीं। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास में नागरिकों की भूमिका पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब धमतरी के अध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के साथ उन्होंने 100 लोगों को रोजगार देने का संकल्प लिया। श्री शर्मा ने कहा, “हम सभी इस पवित्र मिट्टी के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें। इसी जिम्मेदारी के साथ हम 100 लोगों को रोजगार देने का वादा करते हैं। जब 100 लोगों को रोजगार मिलेगा, तो 100 परिवार सशक्त होंगे और सशक्त परिवारों से ही सशक्त समाज एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।” उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सेवा के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
इस अवसर पर पीडीजी अमित जायसवाल ने कहा कि आज हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, जिन्होंने गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह हमारा सबसे सुनहरा दौर है और प्रत्येक भारतीय को स्वतंत्र भारत का नागरिक होने पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने सभी से देश की प्रगति में अपना योगदान देने एवं अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. सरोज साहा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की उन्नति तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े। वहीं श्रीमती हमीदा रोकड़िया ने देश की एकता, सामाजिक समरसता एवं महिला शक्ति की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में रोटेरियन मनीष मित्तल, रोटेरियन अजय गोयल, रोटेरियन नंदन दोशी, रोटेरियन डॉ. सरोज साहा, रोटेरियन अजीत खंडेलवाल, रोटेरियन मदन मोहन खंडेलवाल, रोटेरियन ऋषि लूनावत, रोटेरियन अभिषेक गोयल, रोटेरियन सचिन खंडेलवाल, रोटेरियन सुधा शर्मा, रोटेरियन बीजल मेहता, रोटेरियन अनुराग माहौर, रोटेरियन मेघा माहौर एवं रोटेरियन सलजा अग्रवाल सहित अनेक रोटेरियन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रोटेरियन अनुराग माहौर, रोटेरियन सलजा अग्रवाल एवं रोटेरियन ऋषि लूनावत ने अपनी मधुर वाणी में देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया और समां बांध दिया। वहीं इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा मीनू अग्रवाल ने भी भावपूर्ण देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति की रोटरी एवं इनर व्हील क्लब के सभी साथियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन किया। इन प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और अधिक जीवंत एवं यादगार बना दिया।
इनर व्हील क्लब की ओर से अध्यक्षा मीनू अग्रवाल, रश्मि श्रीवास्तव, हमीदा रोकड़िया, मनीषा साहा, उमलता राठी सहित अनेक इनर व्हील सदस्य उपस्थित रहीं। फिटलाइफ की ओर से अजय शर्मा, अभिषेक रायचूरा, पारस एवं मिथुन बघेल सहित फिटलाइफ के अनेक सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण रहा। सभी उपस्थित सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। 100 लोगों को रोजगार देने का संकल्प इस समारोह की महत्वपूर्ण पहल रही, जिसने स्वतंत्रता दिवस के संदेश को सेवा, स्वावलंबन और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा रोटरी क्लब धमतरी एवं इनर व्हील क्लब की सेवा गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!