Uncategorized

रावां में 46.61 लाख की लागत से मिनी स्टेडियम का भूमि पूजन, महापौर रामू रोहरा बोले,गांवों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सशक्त मंच

धमतरी- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत रावां में विकास की नई सौगात का शुभारंभ हुआ। युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 46.61 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमि पूजन धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गांवों के विकास के साथ युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। रावां में बनने वाला मिनी स्टेडियम केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गांव के बच्चों और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अब सुविधाओं के अभाव में पीछे नहीं रहना पड़ेगा। यह मिनी स्टेडियम आने वाले समय में प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार गांव-गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान एवं खेल अधोसंरचना का विस्तार नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण निवेश है।

मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की समग्र निधि से 31.61 लाख रुपये, जिला खनिज संस्थान न्यास से 10 लाख रुपये तथा पंचायत मद से 5 लाख रुपये, इस प्रकार कुल 46.61 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

विद्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, इसके बाद हुआ भूमि पूजन

इससे पूर्व शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय रावां में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपरांत विद्यालय परिसर में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल रावां अध्यक्ष अमन राय, जनपद पंचायत धमतरी की सभापति श्रीमती देहुती साहू, प्राधिकृत सोसाइटी कुर्रा के अध्यक्ष मुरारी यदु, पूर्व जनपद सदस्य मानिक राम साहू, पूर्व जनपद सदस्य शंकर सिन्हा, रावां मंडल उपाध्यक्ष नामदेव राय एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राजू चंद्राकर उपस्थित रहे।

*ग्रामीणों में उत्साह, जताया महापौर रामू रैहरा का आभार*

रावां में मिनी स्टेडियम की सौगात मिलने से ग्रामीणों और युवाओं में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में खेल सुविधाओं का विस्तार होने से बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए महापौर रामू रोहरा सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!