स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर विधायक ओंकार साहू ने शहीदों को किया नमन

धमतरी- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू ने अपने गृहग्राम आमदी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा।
विधायक श्री साहू ने विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके बलिदान को सदैव याद रखना और उनके आदर्शों पर चलना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। शिक्षा के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी, आपसी भाईचारा और संविधान के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होना आवश्यक है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर विधायक श्री ओंकार साहू ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से देशहित में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
